डिजिटल क्रॉप सर्वे में लापरवाही पर सख्त DM, दो संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त

रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजीकरण की प्रगति, डेटा की शुद्धता तथा सर्वे कार्यों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सर्वे कार्य समयबद्ध, सटीक एवं त्रुटिरहित रूप से पूर्ण कराया जाए। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के दौरान कार्य प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में शिथिलता बरतने पर कृषि विभाग के दो संविदा कार्मिकों-आजाद पाण्डेय (बी0टी0एम0, छतोह) एवं प्रवीण पाण्डेय (ए0टी0एम0, ऊँचाहार) की सेवाएं तत्काल समाप्त किए जाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया कि कृषि एवं पंचायत विभाग के न्यूनतम प्रगति वाले 10 कर्मचारियों तथा उनसे संबंधित एडीओ कृषि और एडीओ पंचायत की प्रतिदिन सायं 07:00 बजे बचत भवन स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यों में तेजी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अमृता सिंह, उप निदेशक कृषि विनोद कुमार, उपायुक्त मनरेगा प्रमोद कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्यशील सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *