शकील अहमद
लखनऊ। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में अमर शहीदों की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित रेसलिंग गोल्ड कप 2026 में देश-विदेश के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रतियोगिता में सहभागिता करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र और पंजाब सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जॉर्जिया और ईरान से आए कुल 45 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता को विशेष पहचान मिली।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक राजेश कुमार सिंह को बधाई दी।
डॉ. सिंह ने कहा कि कुश्ती भारत की लगभग 5000 वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा है।
यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि शक्ति, तकनीक, अनुशासन और संस्कृति का संगम है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के स्टैमिना, तकनीक और प्रदर्शन का उत्कृष्ट तालमेल देखने को मिला।
इस दौरान उन्होंने कुश्ती को प्रोत्साहित करने के लिए सीएसआर फंड के माध्यम से ₹5 लाख की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिलता है और खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खिलाड़ी किसी भी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। वे अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक होते हैं और अपने प्रदर्शन से देश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करते हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़ा परंपरा और गुरु-शिष्य संस्कृति ने भारतीय समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर अभिमन्यु सिंह, पूर्व आईएएस एसपी सिंह, प्रोफेसर संजय सिंह, पी.के. मिश्रा, गोपाल राय, कैप्टन कमल सिंह, शंकरी सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी मौजूद रहे।


















