नशे में पिकअप चढ़ाकर तोड़ा चबूतरा, विरोध करने पर महिलाओं से बदसलूकी

शकील अहमद

बंथरा (लखनऊ)। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र के खांडेदेव ग्राम सभा के मजरा लीला खेड़ा में दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है।

आरोप है कि नशे की हालत में आए कुछ लोगों ने पिकअप वाहन चबूतरे पर चढ़ाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्रता की।

पीड़िता बुजुर्ग महिला परमदेई पत्नी स्वर्गीय हरिप्रसाद ने थाना बंथरा में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उनके अनुसार गांव के ही राहुल यादव पुत्र गंगाराम यादव और परशुराम पुत्र राम आसरे यादव सोमवार शाम नशे की हालत में पिकअप लेकर पहुंचे और उनके चबूतरे व टैंक के ऊपर वाहन चढ़ा दिया, जिससे चबूतरा टूट गया और नुकसान हुआ।

पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने इस कृत्य का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ-साथ उनकी बहू के साथ भी मारपीट करने का प्रयास किया। घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित पक्ष के अनुसार कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

घटना के बाद से परिवार दहशत में है। पीड़िता ने थाना प्रभारी बंथरा को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top