रिश्वत लेते दरोगा रंगे हाथ गिरफ्तार! 10 हजार के खेल ने खोली पुलिस की पोल

सलमान खान

रामपुर। स्वार कोतवाली में तैनात एक दरोगा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

गिरफ्तार दरोगा की पहचान ओंकार नाथ के रूप में हुई है। मामला अजीमनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिंगनखेड़ा का बताया जा रहा है, जहां एक घरेलू विवाद के निस्तारण के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी।

पीड़ित यशवीर सिंह का आरोप है कि दरोगा ने कार्रवाई के एवज में उन पर दबाव बनाते हुए 10 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद उन्होंने मुरादाबाद स्थित एंटी करप्शन टीम के प्रभारी नवल मारवा से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और दरोगा ओंकार नाथ को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद स्वार कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को सराहनीय माना जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि यदि लोग आगे आकर शिकायत करें तो भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई संभव है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *