कोल्हुई से फ्रिज लेकर निकला ई-रिक्शा रास्ते में गायब, तलाश में जुटी पुलिस

  • सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया ई-रिक्शा, पंजीकरण नंबर स्पष्ट न होने से पहचान में आ रही परेशानी

सौरभ जायसवाल

कोल्हुई (महराजगंज)। महराजगंज जनपद के कोल्हुई बाजार से भरोसे को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने गर्मी से राहत पाने और परिवार के लिए फ्रिज खरीदा, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसका सपना टूट गया। फ्रिज लेकर निकला ई-रिक्शा चालक रास्ते से ही गायब हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी है, जबकि ई-रिक्शा और चालक की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, पिपरा परसौनी निवासी जयप्रकाश रविवार को कोल्हुई बाजार पहुंचे थे। उन्होंने अपने घर के लिए एक नया फ्रिज खरीदा। फ्रिज को घर तक पहुंचाने के लिए उसे एक ई-रिक्शा पर लादकर चालक को गांव पिपरा परसौनी पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी। खुद जयप्रकाश अन्य कार्य निपटाने के बाद घर के लिए रवाना हो गए।

लेकिन जब वह अपने घर पहुंचे तो वहां फ्रिज नहीं मिला। पहले तो उन्होंने सोचा कि शायद ई-रिक्शा रास्ते में होगा, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब न तो ई-रिक्शा पहुंचा और न ही चालक का कोई पता चला, तब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।

पीड़ित ने तत्काल ई-रिक्शा चालक की तलाश शुरू की और मामले की सूचना कोल्हुई पुलिस को दी। सोमवार दोपहर तक, समाचार लिखे जाने तक, न तो फ्रिज का कोई सुराग मिला था और न ही ई-रिक्शा चालक का पता चल सका था।

बताया जा रहा है कि जांच के दौरान आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों में ई-रिक्शा दिखाई दिया है, लेकिन फुटेज में वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट नहीं होने के कारण उसकी पहचान करने में कठिनाई हो रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि किसी भी सामान को अनजान वाहन चालक के भरोसे भेजने से पहले उसका नाम, मोबाइल नंबर और वाहन का पंजीकरण नंबर अवश्य नोट कर लेना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ई-रिक्शा चालक की तलाश जारी है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts