- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में चल रहा उपचार, लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत
सौरभ जायसवाल
निचलौल (महराजगंज)। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत बहुआर मार्ग पर लेदी के पास रविवार रात करीब आठ बजे जंगल से निकले तेंदुए ने बाइक पर बैठे एक किशोर पर हमला कर दिया। हमले में किशोर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, निचलौल रेंज के शितलापुर निवासी हिरदेश राजभर के पिता मुनिरका बहुआर मार्ग पर लेदी के पास चाय की दुकान चलाते हैं। रविवार शाम करीब आठ बजे हिरदेश दुकान के पास खड़ी बाइक पर बैठा था। इसी दौरान जंगल से निकले तेंदुए ने पीछे से हमला कर दिया और अपने पंजों से उसकी पीठ व हाथ पर वार कर दिया। हमले में किशोर घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई। निचलौल के रेंजर सुनील राव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
एक सप्ताह में तीसरी घटना
क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इससे पहले 25 जून को चरभरिया निवासी सुरेश पर तेंदुए ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। वहीं, 1 जुलाई को ढेसो पुल के पास रामप्रीत यादव भी तेंदुए के हमले में घायल हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।













