किसान के बेटे आकाश तिवारी बने अग्निवीर, बिना कोचिंग पास की सेना भर्ती परीक्षा
- हैदरगढ़ के साधारण किसान परिवार से निकले आकाश ने दूसरे प्रयास में हासिल की सफलता, क्षेत्र में खुशी का माहौल
पंकज तिवारी
सुबेहा/हैदरगढ़। हैदरगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के सोइना गांव निवासी आकाश तिवारी का भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयन हुआ है। उनके चयन से रोहना मीरापुर पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने आकाश और उनके परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले आकाश तिवारी ने बिना किसी कोचिंग के अग्निवीर भर्ती परीक्षा पास कर अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आकाश की इस सफलता को गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा माना जा रहा है।
आकाश के पिता प्रेमनाथ तिवारी किसान हैं, जबकि माता कमला देवी गृहिणी हैं। आकाश ने बताया कि बचपन से ही उनके मन में सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा करने का सपना था, जिसके लिए उन्होंने लगातार मेहनत और संघर्ष किया।
उन्होंने बताया कि दूसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिली।
आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण वह कोचिंग नहीं कर सके, इसलिए उन्होंने यूट्यूब और सहायक पुस्तकों की मदद से तैयारी की। नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की।
आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा, मेहनत और आशीर्वाद ने उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने की ताकत दी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।
आकाश की सफलता से क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि साधारण परिवार से निकलकर सेना में चयनित होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
