फॉरेस्ट वॉचर्स को मिली साइकिल, जंगल की सुरक्षा होगी और मजबूत

शकील अहमद

पीलीभीत/लखनऊ। पीलीभीत टाइगर रिजर्व स्थित मुस्तफाबाद फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में “एनवायरनमेंट वॉरियर्स: द गार्जियंस ऑफ द ग्रीन” अभियान के नौवें चरण के तहत साइकिल एवं स्कूल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान 25 फॉरेस्ट वॉचर्स को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनकी ग्राउंड-लेवल पेट्रोलिंग क्षमता मजबूत होगी और वन सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी। डॉ. सिंह ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने पीलीभीत टाइगर रिजर्व में शाकाहारी वन्यजीवों, विशेषकर हिरण प्रजातियों की बढ़ती संख्या को स्वस्थ इकोसिस्टम का सकारात्मक संकेत बताया। साथ ही वन संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे डीएफओ मनीष सिंह और आरएफओ सहेंद्र यादव की सराहना की। उन्होंने सीएसआर फंड के माध्यम से रिजर्व क्षेत्र में अतिरिक्त वाटर पंप उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय चोखापुरी की 10 मेधावी छात्राओं को साइकिलें और बच्चों को वेलकम किट वितरित की गई। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि शिक्षा सशक्त समाज की नींव है और इस प्रकार की पहल से बालिकाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रधानाध्यापक मुनीश पाठक के कार्यों की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत क्विज, कविता और गीतों की सराहना करते हुए डॉ. सिंह ने युवाओं को देश का भविष्य बताया और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधारोपण और वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

डॉ. सिंह ने बताया कि अब तक इस अभियान के तहत विभिन्न टाइगर रिजर्व क्षेत्रों में 250 साइकिल, 2000 जैकेट, 100 बाइनाक्युलर वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा स्मार्ट क्लास, सिलाई मशीन वितरण और सोलर वाटर पंप जैसी पहलें भी की गई हैं।

उन्होंने लखनऊ में चल रहे “नेट जीरो @ सरोजनीनगर” अभियान का उल्लेख करते हुए जनजागरूकता को पर्यावरण संरक्षण की कुंजी बताया और सरोजनीनगर क्षेत्र में 200 रुद्राक्ष पौधों के रोपण की जानकारी दी।

इस अवसर पर अम्बिका मिश्रा, अजय गुप्ता, सिद्धार्थ हरीश सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *