CRPF जवान बनकर घर लौटे गणेश भास्कर, शिक्षकों से लिया आशीर्वाद

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महाराजगंज)। विकासखंड बृजमनगंज क्षेत्र के गोपालपुर सोनाबंदी निवासी गणेश भास्कर पुत्र सुंदर यादव ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कठिन ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है और युवाओं में भी देश सेवा के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

ट्रेनिंग पूरी कर जब गणेश भास्कर पहली बार अपने घर लौटे तो गांव में उनका भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों की संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर बधाई देने लगे। परिजन, मित्र और क्षेत्रीय लोग उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित कर रहे थे। पूरे क्षेत्र में इस सफलता को लेकर गर्व का माहौल बना हुआ है।

घर पहुंचने के बाद गणेश भास्कर अपने मित्रों और क्षेत्र के युवाओं के साथ अपने प्रारंभिक विद्यालय राम बक्स शांति देवी मॉडर्न चिल्ड्रेन स्कूल पहुंचे। उनके साथ युवा नेता बबलू चौरसिया, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल के पुत्र यश जायसवाल, सभासद अनूप कुमार चौरसिया, झीनक चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।

विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य सुबास चंद यादव, उप प्रधानाचार्य दयानंद मिश्रा और शिक्षक ओम प्रकाश यादव सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने अपने होनहार छात्र का फूल-मालाओं से स्वागत किया। अपने पूर्व छात्र को इस मुकाम तक पहुंचते देख शिक्षक भी काफी भावुक और गर्वित नजर आए।

इस अवसर पर गणेश भास्कर ने अपने संबोधन में कहा कि आज जो भी मुकाम उन्हें मिला है, वह उनके गुरुजनों, माता-पिता और मित्रों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कक्षा एक से लेकर हाई स्कूल तक की पढ़ाई इसी विद्यालय में अपने गुरुजनों के सानिध्य में पूरी की। शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन ने ही उनके जीवन की मजबूत नींव तैयार की।

उन्होंने कहा कि उनके गुरुजनों ने हमेशा उन्हें अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का पाठ पढ़ाया। यही शिक्षा आज उनके जीवन में सफलता का कारण बनी है। गणेश भास्कर ने कहा कि वह अपने माता-पिता और शिक्षकों के आशीर्वाद से ही इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।

उन्होंने क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए। कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही दिशा में पढ़ाई करने से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्मार्ट शिक्षा और निरंतर मेहनत पर ध्यान दें, सफलता अवश्य मिलेगी।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने भी गणेश भास्कर की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया और कहा कि ऐसे छात्र आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के कई सम्मानित लोग उपस्थित रहे।

इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र यादव, उप प्रधानाचार्य दयानंद मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षक ओम प्रकाश यादव, संत कुमार राय, रामकमल मौर्य, शैलेश कुमार, आकाश यादव, दुर्गेश कुमार मौर्य, महबूब आलम, आकाश चौरसिया, अफजल अहमद, दुर्गेश कुमार यादव, सिंधु गुप्ता, पूनम चौरसिया, ममता मौर्य, सबीना, सुनीता जायसवाल, सामाजिक कार्यकर्ता गिरजा शंकर पांडेय सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts