महाराजगंज: प्राथमिक विद्यालय का रास्ता बंद, छात्रों की पढ़ाई पर संकट

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महाराजगंज)। विकासखंड बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरैया मौलाही में स्थित प्राथमिक विद्यालय के रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। इस संबंध में स्थानीय युवा समाजसेवी अमित सिंह ने उपजिलाधिकारी फरेंदा को शिकायती पत्र देकर विद्यालय तक जाने वाले मार्ग को तत्काल खुलवाने की मांग की है।

युवा समाजसेवी अमित सिंह ने दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि प्राथमिक विद्यालय हरैया मौलाही तक पहुंचने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है। कई वर्षों से ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और शिक्षक एक निजी रास्ते से होकर ही विद्यालय तक आते-जाते रहे हैं।

लेकिन वर्तमान समय में कुछ लोगों द्वारा उक्त रास्ते को अवरुद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे विद्यालय आने-जाने में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
उन्होंने बताया कि रास्ता बंद होने की स्थिति में सबसे अधिक परेशानी स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को उठानी पड़ रही है।

बच्चों को विद्यालय पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही रास्ता नहीं खुलवाया गया तो बच्चों की शिक्षा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि रास्ते को अवरुद्ध करने वाले लोगों द्वारा विद्यालय के खेल मैदान पर भी कब्जा कर लिया गया है। इससे बच्चों के खेलने और खेलकूद गतिविधियों के लिए उपलब्ध स्थान भी सीमित हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर से जुड़े सार्वजनिक स्थल पर इस तरह का कब्जा अनुचित है और इसे हटाया जाना चाहिए। अमित सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर कई बार मौखिक रूप से ब्लॉक स्तर के अधिकारियों और ग्राम प्रधान को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इसी कारण अब प्रशासन से लिखित शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता लंबे समय से सार्वजनिक उपयोग में रहा है और इसे बंद करने से पूरे गांव के लोगों को परेशानी हो रही है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जांच कराकर रास्ते से अतिक्रमण हटवाया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।

इस दौरान ग्रामीण अमित विश्वकर्मा, भानु ब्रह्मदेव, अर्जुन विश्वकर्मा, भानु प्रताप, अश्वनी, राहुल, राज सहित कई लोग मौजूद रहे और उन्होंने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts