सरोजनीनगर के श्री बालाजी मंदिर संकट मोचन धाम में तृतीय स्थापना दिवस पर विशाल भंडारा व भव्य जागरण

  • सुंदरकांड पाठ, हवन, भजन संध्या और भव्य जागरण में देर रात तक झूमे श्रद्धालु, प्रसिद्ध कलाकारों ने बांधा समां

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित न्यू हनुमानपुरी में शुक्रवार को श्री बालाजी मंदिर संकट मोचन धाम का तृतीय स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा, हवन-पूजन, विशाल भंडारा, भजन संध्या और भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मंदिर परिसर में सुबह 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सुंदरकांड पाठ और हवन-पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। दिनभर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बालाजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के मुख्य पुजारी तीर्थराज त्रिपाठी एवं सह पुजारी अंश वाजपेयी ने विधि-विधान से सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

रात्रि 9 बजे से आयोजित भव्य भजन संध्या और जागरण कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। प्रसिद्ध भजन गायक अंशु गोस्वामी ‘पागल बाबा’, अमित जायसवाल, गायिका वर्तिका तिवारी और ज्योति गोस्वामी ‘श्याम पगली’ ने भगवान श्री बालाजी महाराज, प्रभु श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी की महिमा का गुणगान करते हुए देर रात तक भक्तिमय वातावरण बनाए रखा।

आयोजकों ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को श्री बालाजी महाराज के साथ श्री प्रेतराज सरकार और श्री कोतवाल कप्तान भैरव जी महाराज के दर्शन का भी अवसर मिला। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और मनोहारी नजर आया।

श्री बालाजी संकट मोचन धाम ट्रस्ट के पदाधिकारी आनंद सिंह चौहान, दिनेश सिंह चौहान, स्वतंत्र सिंह चौहान, अमर सिंह चौहान, रामराज, धर्मेंद्र तिवारी, दीपचंद, सर्वेश राजपूत, अमन सिंह चौहान, हिमांशु मिश्रा, यशवीर सिंह, मुकेश यादव, आशीष सिंह, शुभम राजपूत, मोनू सिंह, उमेश गुप्ता, दिवाकर यादव, हर्षित, विशाल, रवि, रोशनी, अंश और ट्विंकल सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष संजय सिंह चौहान, पूर्व विधायक सुरेश चंद तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश सिंह चौहान, संतोष उपाध्याय, बंथरा थाना प्रभारी राणा अजय शुक्ला, संपादक मोनू सिंह, पत्रकार अभिलाष, पत्रकार राजेश कुमार सिंह, सरोजनीनगर थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति, व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, रितेश सिंह चौहान, पवन सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्री बालाजी संकट मोचन धाम ट्रस्ट एवं आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। न्यू हनुमानपुरी स्थित यह मंदिर अब क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है और स्थापना दिवस समारोह श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार धार्मिक उत्सव साबित हुआ।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts