धनपुर में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन, स्वास्थ्य मंत्री बोले- गोवंश संरक्षण से ही सशक्त होगा ग्रामीण भारत

धनपुर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट उत्सव की धूम, निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर में सैकड़ों पशुपालकों को मिला लाभ

आर स्टीफ़न

एमसीबी/खड़गवां। खड़गवां विकासखंड के ग्राम धनपुर स्थित श्री हरि गौशाला में पारंपरिक आस्था और ग्रामीण संस्कृति का प्रतीक गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव बड़े हर्षोल्लास और भक्ति भाव से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पंचायत सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर से ग्रामीणों को बड़ा लाभ

कार्यक्रम के अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग द्वारा निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें गाय, बैल, भैंस, बकरी जैसे पशुओं की स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं दवाओं का वितरण किया गया।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने पशुपालकों को पोषण प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों और मौसमी रोगों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर नियमित रूप से लगाए जाने चाहिए।

गोवर्धन पूजा प्रकृति और जीवन का प्रतीक:- मंत्री जायसवाल

मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि “गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि यह प्रकृति, गोवंश और मानव जीवन के गहरे संबंध का प्रतीक है। हमारी संस्कृति में गौ माता का स्थान सर्वोच्च है। गोवंश संरक्षण से ही ग्रामीण भारत आत्मनिर्भर और समृद्ध बनेगा।”

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ हर परिवार तक पहुंचना चाहिए।

भक्ति, आनंद और सामाजिक एकता का संगम

कार्यक्रम के समापन पर अन्नकूट प्रसाद वितरण में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे परिसर में भक्ति, सौहार्द और सामाजिक एकता का वातावरण व्याप्त रहा। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने श्री हरि गौशाला के संचालकों की सेवाओं की प्रशंसा की और गो सेवा के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts