सरोजनीनगर में भव्य होली मिलन: हजारों लोगों के साथ रंगों में रमे डॉ. राजेश्वर सिंह

शकील अहमद

आशियाना, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के आशियाना स्थित विधायक आवास पर आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में सरोजनीनगर क्षेत्र के हजारों लोग शामिल हुए। इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर क्षेत्रवासियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और उत्सव का आनंद लिया।

करीब तीन घंटे तक चले इस होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों का स्नेहपूर्ण सहभाग इस बात का प्रतीक है कि सरोजनीनगर परिवार प्रेम, विश्वास और भाईचारे की मजबूत डोर से जुड़ा हुआ है।

होली के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है। इस पर्व में विविधता में एकता की भावना दिखाई देती है, जो भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार होली के अलग-अलग रंग मिलकर उत्सव को सुंदर बनाते हैं, उसी प्रकार समाज की विविधता भारत की वास्तविक खूबसूरती है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज विश्व के कई हिस्सों में असुरक्षा और संघर्ष का वातावरण दिखाई देता है, लेकिन भारत में शांति, उत्सव और सामाजिक सौहार्द का माहौल हमारे मजबूत सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को दर्शाता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि होली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियों के नए रंग भर दे।

उन्होंने सरोजनीनगर क्षेत्र के लोगों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के लोगों का अपनापन, विश्वास और एकता ही इस क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है। यही प्रेम और सहयोग समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने होली को संकल्प का पर्व बताते हुए कहा कि यह दिन केवल उत्सव का नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी दिन है। उन्होंने कहा कि हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि मिलकर भारत को और अधिक मजबूत बनाएंगे और देश को विश्व की अग्रणी महाशक्ति बनाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में उपस्थित सभी लोगों ने “भारत माता की जय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *