बृजमनगंज के कई गांवों में कच्ची शराब का अवैध कारोबार सक्रिय, ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के चिरैयाकोट वन टांगिया, शिवपुर, भगौली, बिशनपुर अधरोना, करमहा सहित कई गांवों में कच्ची शराब का अवैध कारोबार लगातार सक्रिय बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह धंधा अब कुटीर उद्योग के रूप में फैल चुका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अवैध गतिविधि में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं, जो कच्ची शराब बनाने और बेचने का कार्य करती हैं, जबकि पुरुष तैयार शराब की आपूर्ति में भूमिका निभाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि इस अवैध कारोबार को रोकने में संबंधित आबकारी और पुलिस विभाग की कार्रवाई प्रभावी नहीं दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर कभी-कभार छापेमारी की जाती है, लेकिन कार्रवाई सीमित मात्रा में शराब की बरामदगी और कुछ लहन नष्ट करने तक ही रह जाती है। इसके बाद कुछ दिनों के भीतर फिर से अवैध शराब का निर्माण और बिक्री शुरू हो जाती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में चल रहे कच्ची शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी और स्थायी कार्रवाई की जाए, ताकि सामाजिक और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *