रायबरेली में डीएम ने निर्माणाधीन स्कूलों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश

  • मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय बेला भेला और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय राही का लिया जायजा

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लेने हेतु निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय बेला भेला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों एवं समयबद्ध प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय भवन का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा कार्य की प्रगति से तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी द्वारा परियोजना में कार्य कर रहे श्रमिकों व उनके बच्चों से वार्ता की गई तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्य कर रहे श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण कराया जाए जिससे श्रमिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके, इसके साथ ही श्रमिकों के बच्चों का निकट के बेसिक शिक्षा विभाग के संचालित स्कूल में नामांकन कराने के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय राही पहुंचकर निर्माणाधीन हॉस्टल एवं एकेडमिक ब्लॉक का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप शिक्षा क्षेत्र में संचालित परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह सहित संबंधित अधिकारी व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *