नेपाल-भारत पत्रकार मैत्री क्रिकेट में भारतीय मीडिया टीम का दबदबा, 9 रन से जीता खिताब

[post-views]
  • भैरहवा में आयोजित द्वितीय नेपाल–भारत मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता में महाराजगंज प्रेस क्लब ने लुम्बिनी प्रेस क्लब को हराया, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

नेपाल। संचार माध्यमों के जरिए भारत और नेपाल के पत्रकारों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को भैरहवा में आयोजित द्वितीय नेपाल–भारत मैत्रीपूर्ण क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब भारतीय मीडिया टीम ने अपने नाम कर लिया।

लुम्बिनी प्रेस क्लब के आयोजन तथा रुपन्देही क्रिकेट संघ के सह-आयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता में लुम्बिनी प्रेस क्लब (नेपाल) और महाराजगंज प्रेस क्लब (भारत) के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मुकाबले में महाराजगंज प्रेस क्लब ने लुम्बिनी प्रेस क्लब को 9 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने वाली लुम्बिनी प्रेस क्लब की टीम ने 145 रनों के लक्ष्य का पीछा किया, लेकिन निर्धारित ओवरों में 136 रन ही बना सकी। नेपाल की ओर से सचिन चौधरी ने नाबाद रहकर शानदार बल्लेबाजी की, हालांकि उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।

विजेता महाराजगंज प्रेस क्लब को नगद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किए गए। वहीं उपविजेता लुम्बिनी प्रेस क्लब को भी नगद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में लुम्बिनी प्रदेश के युवा एवं खेल मंत्री संतोष कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल दोनों देशों के लोगों को जोड़ने का सबसे प्रभावी और सकारात्मक माध्यम है। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत का संबंध केवल भौगोलिक या कूटनीतिक नहीं, बल्कि भाईचारे और आत्मीयता का संबंध है।

इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए सिद्धार्थनगर नगरपालिकाध्यक्ष इश्तियाक अहमद खान ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में इस प्रकार के सकारात्मक आयोजन दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव और सहयोग को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर में दोनों देशों के पत्रकारों का खेल के माध्यम से एक मंच पर आना खुशी की बात है।

नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के केंद्रीय सदस्य एवं स्थानीय उद्योगपति राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि इस मैत्रीपूर्ण प्रतियोगिता ने खेल के साथ-साथ नेपाल और भारत के पारस्परिक संबंधों को भी नई ऊंचाई प्रदान की है।

महाराजगंज प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रतियोगिता में जीत-हार से ऊपर उठकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जिस खेल भावना और सद्भाव का परिचय दिया, उसने नेपाल और भारत के बीच ‘रोटी-बेटी’ तथा खुली सीमा पर आधारित आत्मीय रिश्तों को खेल के माध्यम से और अधिक मजबूत करने का कार्य किया।

लुम्बिनी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल रायमझी ने कहा कि मीडिया कप का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के पत्रकारों को एक मंच पर लाकर मित्रता का पुल तैयार करना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मकसद केवल जीत-हार नहीं, बल्कि दोनों देशों के मीडिया कर्मियों के बीच समझ, सद्भाव और सहयोग को बढ़ाना है।

प्रतियोगिता में महाराजगंज प्रेस क्लब के अनुज कनौजिया को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। लुम्बिनी प्रेस क्लब के सचिन चौधरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, प्रकाश न्यौपाने को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा दीपेन्द्र बडुवाल को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार प्रदान किया गया।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts