लखनऊ: सरोजनीनगर में सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध अतिक्रमण, करीब ₹50 लाख मूल्य की भूमि कराई गई मुक्त

[post-views]
  • राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी से हटाया अवैध निर्माण, सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों को दी सख्त चेतावनी

शकील अहमद

लखनऊ, सरोजनीनगर। तहसील सरोजनीनगर के अंतर्गत ग्राम तेजकिशन खेड़ा, परगना काकोरी स्थित सरकारी भूमि गाटा संख्या 116, क्षेत्रफल 0.139 हेक्टेयर पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए हटा दिया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में लगभग ₹50 लाख मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

जानकारी के अनुसार, उक्त भूमि पर कुछ लोगों द्वारा आरसीसी नींव और पिलर बनाकर अवैध निर्माण किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद श्री अभिषेक सिंह एवं तहसील प्रशासन के निर्देश पर कार्रवाई की योजना बनाई गई।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सरोजनीनगर ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

उनके साथ कानूनगो समाज बहादुर सिंह, कानूनगो आशीष सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल अभिषेक यादव सहित अन्य राजस्व कर्मी एवं सुरक्षा बल मौजूद रहे। टीम ने मौके पर अवैध निर्माण को चिन्हित कर जेसीबी की सहायता से उसे ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि किसी ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सख्ती से सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। राजस्व विभाग ने भी लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण से दूर रहें तथा भूमि संबंधी विवादों या अवैध कब्जे की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है तथा सरकारी भूमि संरक्षण को लेकर सख्त संदेश गया है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts