‘जय जवान-जय किसान’ के जनक शास्त्री जी को नमन, केशव प्रसाद मौर्य ने दी श्रद्धांजलि

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को अपने कैंप कार्यालय 7 कालिदास मार्ग, लखनऊ में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्श हम सभी को सदैव कर्तव्यपथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और स्वतंत्र भारत को सशक्त, नैतिक तथा जनसेवा आधारित नेतृत्व प्रदान किया।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शास्त्री जी सादगी की प्रतिमूर्ति थे और उनका जीवन सार्वजनिक जीवन में नैतिकता एवं पारदर्शिता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने ‘जय जवान–जय किसान’ का ऐतिहासिक नारा देकर देश को सुरक्षा, कृषि और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ने की दिशा दिखाई।

उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का जो संकल्प आज साकार किया जा रहा है, वह शास्त्री जी की दूरदर्शी सोच का ही आधुनिक स्वरूप है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शास्त्री जी के विचार और आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके जीवनकाल में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *