लखनऊ के हाइडिल बाजार में गौरी पुलिस चौकी का उद्घाटन, डीसीपी मोहम्मद मुश्ताक ने किया पैदल गश्त

साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक
धनतेरस, दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के हाइडिल नहर स्थित नवनिर्मित गौरी पुलिस चौकी का शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नई चौकी स्थापित होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ेगी, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
उद्घाटन के दौरान डीसीपी ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि मोबाइल पर कोई भी संदिग्ध ऐप आए तो उसे बिना जांच-पड़ताल के न खोलें। यदि कोई व्यक्ति पुलिस अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी देता है या किसी तरह का दबाव बनाता है तो उसके बहकावे में न आएं। ऐसी स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस या साइबर शाखा को सूचना दें।
इस दौरान डीसीपी ने एसीपी कृष्णानगर, सरोजनीनगर के प्रभारी निरीक्षक तथा गौरी चौकी प्रभारी अभिषेक पांडेय को नई जिम्मेदारी और चौकी के संचालन को लेकर शुभकामनाएं दीं।
त्योहारों को लेकर बाजारों में किया पैदल गश्त
गौरी चौकी के उद्घाटन के बाद डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने धनतेरस, दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा के मद्देनजर सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के गौरी और हाइडिल बाजार सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान डीसीपी ने प्रमुख बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। साथ ही प्रमुख चौराहों और जाम की आशंका वाले स्थानों पर यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार पैदल गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग करने पर भी जोर दिया। डीसीपी ने ज्वेलरी शॉप, बैंक और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सरोजनीनगर के प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति सहित कई उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
