‘सरोजनीनगर हमारा परिवार’, जनसंवाद में बोले डॉ. राजेश्वर सिंह, 42 लोगों ने रखीं समस्याएं

स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और महिला स्वावलंबन के कार्यों का रखा ब्योरा
राम रथ से 9 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन, खाटू श्याम धाम के लिए श्याम रथ शुरू
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। “सरोजनीनगर हमारा परिवार है और परिवार के हर सदस्य के चेहरे पर मुस्कान बनी रहे, यही हमारा संकल्प है।” यह बात सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने राजा बिजली पासी (द्वितीय वार्ड) में पार्षद प्रतिनिधि लवकुश रावत के आवास पर आयोजित ‘चाय पर चर्चा एवं जनसंवाद’ कार्यक्रम में कही। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम में सड़क, नाली, बिजली, सीवर, सोलर लाइट, आर्थिक सहायता, सिलाई मशीन और लैपटॉप से संबंधित कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए। विधायक ने लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की दी जानकारी
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि विधायक कार्यालय में 24 घंटे जनसेवा की व्यवस्था के माध्यम से हजारों लोगों के पेंशन संबंधी आवेदन निःशुल्क भरवाए जा चुके हैं। गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंदों के 1,600 परिवारों को लगभग 27 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 2,200 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल और लैपटॉप प्रदान किए गए हैं। इसके अलावा लगभग 100 विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल पुस्तकालयों की व्यवस्था की गई है।
महिला स्वावलंबन को लेकर विधायक ने बताया कि तारा शक्ति केंद्रों की संख्या चार से बढ़कर 180 हो गई है। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक महिलाओं को 2,500 से अधिक सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।
2,153 सड़कों का निर्माण कराने का दावा
क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और सड़क निर्माण के कार्यों की जानकारी देते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि पिछले लगभग पौने पांच वर्षों में सड़क निर्माण से संबंधित 3,900 पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2,153 सड़कों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि हरौनी उपरिगामी पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों का आवागमन सुगम हुआ है।
राम रथ के बाद खाटू श्याम धाम के लिए श्याम रथ शुरू
धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए विधायक ने बताया कि राम रथ के माध्यम से अब तक 9,000 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं। इसी क्रम में अब श्रद्धालुओं के लिए खाटू श्याम धाम की निःशुल्क यात्रा कराने के उद्देश्य से श्याम रथ भी शुरू किया गया है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनसेवा का उद्देश्य केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के प्रत्येक परिवार की जरूरतों को समझना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
