- स्टार यूनियन दाई-इची लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी द्वारा बीमा पॉलिसियों की गलत बिक्री कर की गई थी धोखाधड़ी
- कंपनी में एसोसिएट पद पर कार्यरत रहते हुए शिकायतकर्ताओं से की गई थी आर्थिक हेराफेरी
- गदनखेड़ा बाईपास, उन्नाव से पुलिस ने वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर पुलिस ने बीमा कंपनी में कथित वित्तीय हेराफेरी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बीमा पॉलिसियों की गलत बिक्री कर लाखों रुपये की आर्थिक अनियमितता करने का आरोप है। पुलिस ने उसे उन्नाव जनपद के गदनखेड़ा बाईपास क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मेसर्स स्टार यूनियन दाई-इची लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता संदीप सिंह द्वारा सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनी की लखनऊ शाखा में एसोसिएट पद पर कार्यरत शुभांशु सिंह ने विभिन्न बीमा पॉलिसियों की गलत बिक्री कर वित्तीय अनियमितताएं कीं।
कंपनी के अनुसार तीन शिकायतकर्ताओं की ओर से कुल ₹8.05 लाख की धनराशि से संबंधित हेराफेरी और गबन की शिकायत प्राप्त हुई थी। आंतरिक जांच के दौरान शिकायतों की पुष्टि होने के बाद कंपनी ने संबंधित कर्मचारी को सेवा से निष्कासित कर दिया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
तहरीर के आधार पर सरोजनीनगर थाने में मुकदमा संख्या 164/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक दीपेन्द्र कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।
लंबे समय से फरार चल रहा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मामले में न्यायालय जेएम प्रथम, लखनऊ द्वारा 21 फरवरी 2026 को आरोपी के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे उन्नाव के गदनखेड़ा बाईपास क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












