लखनऊ में पत्नी की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई! दहेज उत्पीड़न मामले में पति गिरफ्तार

  • सरोजनीनगर पुलिस ने वांछित आरोपी पवन लोधी उर्फ गोलू को दबोचा, दहेज प्रताड़ना मामले में दर्ज है मुकदमा

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना और विवाहिता की मौत से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक 29 मई 2026 को वादिनी श्रूपा पत्नी स्वर्गीय राकेश कुमार निवासी कंकड़ कुआं, थाना बिजनौर, लखनऊ ने सरोजनीनगर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि प्रताड़ना के चलते उसकी मृत्यु हो गई।

तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 197/2026 के तहत धारा 80(2), 85 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर को सौंपी गई।

जांच के दौरान संकलित साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए गए। इसके बाद सरोजनीनगर पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी क्रम में सोमवार 1 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गहरू अंडरपास के पास घेराबंदी कर मुकदमे में नामजद आरोपी पवन लोधी उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की विवेचना में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी द्वारा कथित रूप से दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित किया जाता था। इसी प्रताड़ना से आहत होकर विवाहिता ने 29 मई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष विवेचना एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *