‘Rising Sarojininagar’ बनेगा न्यू लखनऊ का ग्रोथ इंजन, विकास की नई पहचान गढ़ रहा क्षेत्र: डॉ. राजेश्वर सिंह

  • AI City, कन्वेंशन सेंटर, ट्रांसपोर्ट हब और बड़े निवेशों से बदल रही सरोजनीनगर की तस्वीर, विधायक ने गिनाईं विकास परियोजनाएं

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा है कि कभी अपनी विरासत, संस्कृति और तहज़ीब के लिए पहचाना जाने वाला लखनऊ आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे आर्थिक और इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्रों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था और निवेशक-अनुकूल नीतियों के कारण राजधानी अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2021 से 2026 के बीच लखनऊ की अर्थव्यवस्था लगभग ₹58,762 करोड़ से बढ़कर ₹2.29 लाख करोड़ तक पहुंच गई है। इसके साथ ही लखनऊ देश की 12वीं सबसे बड़ी शहरी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में म्यूचुअल फंड निवेश में लगभग दस गुना वृद्धि शहर की आर्थिक मजबूती और निवेशकों के बढ़ते भरोसे का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि इस विकास यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र सरोजनीनगर बनता जा रहा है। वृंदावन योजना में विकसित होने जा रहे आधुनिक बस टर्मिनल और बिजनेस सेंटर परियोजना के लिए पांच बोलीदाता सामने आए हैं। लगभग ₹530 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।

विधायक ने कहा कि AI City, भारत का सबसे बड़ा कन्वेंशन एवं एग्जीबिशन सेंटर तथा इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट हब जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं सरोजनीनगर को उत्तर भारत के प्रमुख व्यावसायिक और तकनीकी केंद्रों में स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि “Rising Sarojininagar” केवल एक अवधारणा नहीं, बल्कि तेजी से बदलती विकास गाथा है, जो न्यू लखनऊ के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रही है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे निवेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि लगभग ₹1,400 करोड़ के निवेश से मैक्स हेल्थकेयर का 712 बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित किया जा रहा है। वहीं ₹855 करोड़ की लागत से डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के नए परिसर में इमरजेंसी सेंटर, ओपीडी ब्लॉक और मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे नागरिकों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लखनऊ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप परिवहन अवसंरचना विकसित करने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। बुलेट ट्रेन, आरआरटीएस, मेट्रो विस्तार, ऑर्बिटल रेलवे कॉरिडोर और आधुनिक इंटीग्रेटेड बस टर्मिनल जैसी परियोजनाएं प्रदेश की राजधानी को नई कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गोमती बायोडायवर्सिटी पार्क में उत्तर प्रदेश का पहला जीन बैंक विकसित किया जा रहा है, जो दुर्लभ पौधों और वृक्ष प्रजातियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अतिरिक्त पॉलिटिकल सिटी, विज्ञान पथ और अन्य मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं क्षेत्रीय संपर्क और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगी।

उन्होंने कहा कि “New Lucknow केवल विस्तार नहीं कर रहा, बल्कि एक नए स्वरूप में परिवर्तित हो रहा है। मेरा विश्वास है कि सरोजनीनगर आने वाले समय में विकास, रोजगार, तकनीक, निवेश और आधुनिक शहरीकरण का ऐसा मॉडल बनेगा, जिस पर पूरे उत्तर प्रदेश को गर्व होगा।”

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “Rising Sarojininagar” आज न्यू लखनऊ का ग्रोथ इंजन बन चुका है और विकसित भारत के शहरी भविष्य का एक मजबूत केंद्र बनकर तेजी से उभर रहा है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts