लखनऊ: जमीन विवाद में एसआई पर गंभीर आरोप, पीड़ित ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग

  • भूखंड पर कब्जे के प्रयास का लगाया आरोप, मामले की जांच और कार्रवाई की मांग

शकील अहमद

लखनऊ। राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अर्जुनगंज स्थित आर्यनगर, सरसवां में भूमि विवाद का मामला सामने आया है। गौरीगंज निवासी धीरेन्द्र कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजकर एक पुलिस उपनिरीक्षक सहित कुछ लोगों पर उनके भूखंड पर कथित कब्जे का प्रयास कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, धीरेन्द्र कुमार मिश्रा का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2025 में आर्यनगर, सरसवां स्थित भूखंड संख्या-816 का विधिवत बैनामा कराया था। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने भूखंड पर निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस और डायल-112 की मदद से रुकवाया गया था। इसके बावजूद कथित रूप से दोबारा कब्जे का प्रयास किया गया।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 19 जून 2026 को थाना सुशांत गोल्फ सिटी में तैनात एक उपनिरीक्षक कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और राजस्व अधिकारियों की अनुपस्थिति में भूमि की पैमाइश कराई गई। उनका कहना है कि भूमि की पैमाइश राजस्व विभाग का विषय है और इस प्रक्रिया को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई है।

शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि उन्होंने 14 जून 2026 को मामले की शिकायत थाना स्तर पर की थी, जिसकी जांच लंबित थी। इसके बावजूद की गई कार्रवाई पर उन्होंने सवाल उठाए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उनके विरुद्ध शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

धीरेन्द्र कुमार मिश्रा का दावा है कि उनके पास घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री तथा वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने, दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा भूमि विवाद का विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts