महाराजगंज: महिला ने पति, ससुराल और पूर्व ग्राम प्रधान पर लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज

महराजगंज। जिले में घरेलू उत्पीड़न और अभद्रता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति, ससुराल पक्ष और क्षेत्र के पूर्व ग्राम प्रधान व भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजेश चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद फरेन्दा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पीड़िता के अनुसार, उसके पति लाल बाबू का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध है। इसी संबंध को लेकर उससे घर छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर उसे और उसके बच्चों को लगातार मारपीट और प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी।

14 नवंबर को जानलेवा हमला, गंभीर आरोप

महिला ने बताया कि 14 नवंबर 2025 की सुबह करीब 10 बजे पति लाल बाबू, ससुर राजदेव और सास मालती ने मिलकर उसे जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा। चोट लगने के बाद जब वह पिता के साथ इलाज के लिए जा रही थी, तभी रास्ते में हालात और बिगड़ गए।

पीड़िता के मुताबिक, उसी दौरान उसके पति, राजदेव, अजय, बुद्ध, गुड़िया और भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व ग्राम प्रधान बृजेश चौधरी ने उसके पिता पर भी हमला कर दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

पूर्व ग्राम प्रधान पर अभद्रता का आरोप

महिला ने चौंकाने वाला आरोप लगाया कि विवाद के दौरान बृजेश चौधरी ने उसकी साड़ी खींचकर उसे अर्धनग्न करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने धमकी देते हुए कहा कि “इसे नंगा कर पूरे गांव में घुमाओ, वीडियो वायरल कर दूंगा।” इस अमर्यादित व्यवहार से महिला और उसका परिवार दहशत में है।

पहले FIR दर्ज नहीं हुई, शांति भंग में चालान

पीड़िता का कहना है कि उसने घटना के तुरंत बाद स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की और केवल शांति भंग की कार्रवाई कर मामले को निपटा दिया। अगले ही दिन फिर से मारपीट होने पर उसने अपनी जान को खतरा बताया और उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई।

एसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

17 नवंबर 2025 को महिला की शिकायत पुलिस अधीक्षक महाराजगंज के पास पहुंची। मामले की गंभीरता देखते हुए एसपी ने तत्काल थानाध्यक्ष फरेन्दा को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया।

थानाध्यक्ष योगेन्द्र कुमार राय ने पुष्ट‍ि की कि आदेश के बाद FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts