- संयुक्त बैठक में जलभराव, सड़क, अतिक्रमण और बाजार समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
शकील अहमद
सरोजनी नगर लखनऊ। उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मण्डल द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर प्रस्तावित आंदोलन से पूर्व प्रशासन और व्यापार मण्डल के बीच हुई महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक में व्यापारियों की सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई। अधिकारियों द्वारा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन मिलने के बाद संगठन ने कल से प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया।
इस फैसले का व्यापारियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया। बैठक मंगलवार को सरोजनी नगर थाना परिसर में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष माननीय ओम प्रकाश शर्मा ने की। बैठक में एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा, थाना प्रभारी सरोजनी नगर राज देव प्रजापति, तहसीलदार सुखवीर सिंह, नगर निगम जोन-5 के प्रतिनिधि नईम तथा जोन-8 के प्रतिनिधि सचिन सक्सेना उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जोन-5 और जोन-8 क्षेत्रों में नालों की समुचित व्यवस्था, नियमित सफाई अभियान, जलभराव की समस्या से स्थायी मुक्ति, टूटी हुई सर्विस रोड की मरम्मत, हाइडिल बिजनौर नहर पटरी के गड्ढों को तत्काल भरवाने तथा प्रमुख बाजारों में सर्विस रोड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग रखी।
इसके अलावा अतिक्रमण अभियान चलाने से पूर्व व्यापारियों को कम से कम दो दिन पहले सूचना देने, अस्थाई पटरी दुकानदारों को स्थायी दुकान आवंटित करने तथा एयरपोर्ट बाजार के व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के पूर्व आश्वासन को तत्काल लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
एसीपी रजनीश वर्मा एवं उपजिलाधिकारी प्रतिनिधि ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों को गंभीरता से नोट कर त्वरित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। विभागीय प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि समस्याओं के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी। प्रशासन के सकारात्मक रुख को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा की।
बैठक के दौरान एसीपी कृष्णा नगर ने प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को सभी विभागों के सक्षम अधिकारियों एवं व्यापार मण्डल प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे क्षेत्रीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस प्रस्ताव का उपस्थित सभी व्यापारियों और पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों, विशेषकर एसीपी रजनीश वर्मा एवं उपजिलाधिकारी प्रतिनिधि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संवाद और सहयोग के माध्यम से ही समस्याओं का समाधान संभव है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री दिलीप द्विवेदी, प्रदेश महासचिव रविश श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष लाल सिंह, संगठन मंत्री सरदार हरजीत सिंह, विधानसभा प्रभारी जितेंद्र कुमार हजेला, विधानसभा अध्यक्ष मनोज कुमार यादव, विधानसभा महामंत्री राजेश यादव, हेमलता सिंह, रितेश सिंह चौहान, पवन तिवारी, बृजेन्द्र शर्मा, शिवम गुप्ता, मुहम्मद सोहैल, अनीस खान बल्लू, नागेंद्र सिंह, दीपक यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।








