अलीगंज अग्निकांड में जान गंवाने वाली अनुछा राई के परिवार के साथ खड़े हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह

  • वेतन निधि से ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की, छोटे भाई की 12वीं तक शिक्षा का खर्च उठाने का लिया संकल्प

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड में दिवंगत हुई सरोजनीनगर की बेटी अनुछा राई के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने शांतिनगर, अवध विहार योजना स्थित आवास पर पहुंचकर दिवंगत अनुछा राई की माता एवं परिजनों से मुलाकात की और इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अनुछा राई का निधन केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे सरोजनीनगर परिवार की अपूरणीय क्षति है।

परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक ने अपनी वेतन निधि से ₹1 लाख की आर्थिक सहायता का चेक अनुछा राई की माता को प्रदान किया। इसके साथ ही उन्होंने परिवार के प्रति दीर्घकालिक सहयोग का संकल्प लेते हुए कक्षा 7 में अध्ययनरत अनुछा के छोटे भाई की शिक्षा का संपूर्ण खर्च उठाने की घोषणा की। विधायक ने आश्वासन दिया कि उनके कार्यालय द्वारा छात्र की फीस नियमित रूप से जमा कराई जाएगी और उसकी पढ़ाई कक्षा 12वीं तक बाधित नहीं होने दी जाएगी।

जानकारी के अनुसार अनुछा राई अपने पीछे मां, दो छोटी बहनों और एक छोटे भाई को छोड़ गई हैं। वर्ष 2022 में भी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, जब एक दुर्घटना में उनके पिता का निधन हो गया था। ऐसे में यह हादसा परिवार के लिए दूसरी बड़ी त्रासदी बनकर सामने आया है।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा सरोजनीनगर परिवार शोकाकुल परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत संवेदना और सहयोग में निहित होती है। ऐसे कठिन समय में जरूरतमंद परिवारों का साथ देना हम सभी का दायित्व है। विधायक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts