आंधी-तूफान में गिरे नगर पंचायत के फ्लैक्स बोर्ड, बड़ा हादसा टला

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। बृजमनगंज नगर पंचायत क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान ने नुकसान पहुंचाया है। कोल्हुई तिराहा और घोड़नामपुर इलाके में लगे बड़े एडवर्टाइजिंग फ्लैक्स बोर्ड अचानक पोल से टूटकर नीचे गिर गए, जिससे दोनों बोर्ड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज हवा के झोंकों के कारण बोर्ड अपने पोल का संतुलन नहीं संभाल पाए और देखते ही देखते जमीन पर गिर पड़े। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय आसपास कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते इन बोर्डों की स्थिति की जांच नहीं की गई, तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में लगे सभी बड़े फ्लैक्स बोर्डों और होर्डिंग्स की नियमित जांच कराई जाए। साथ ही कमजोर और जर्जर संरचनाओं को तत्काल ठीक कराने की व्यवस्था की जाए।

लोगों ने यह भी कहा कि गिरे हुए बोर्डों को जल्द हटवाकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *