शकील अहमद
लखनऊ। लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की जीत पर जश्न का माहौल देखने को मिला। पराग चौराहा स्थित विधायक कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर विजय का उत्सव मनाया।

इस मौके पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक अस्मिता और सनातन मूल्यों के पक्ष में जनता का स्पष्ट जनादेश है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व पर अपना भरोसा जताया है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में मिली सफलता को अहम बताते हुए कहा कि यह परिणाम जनता के उस निर्णय को दर्शाता है, जिसमें अव्यवस्था पर विकास और अराजकता पर स्थिरता को प्राथमिकता दी गई। वहीं असम और पुडुचेरी में मिली जीत को उन्होंने सरकार के कामकाज और निरंतरता की स्वीकृति बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि केरल और तमिलनाडु में पार्टी का मजबूत प्रदर्शन बदलते राजनीतिक परिदृश्य और बढ़ते जनविश्वास का संकेत है। यह जनादेश उन ताकतों के लिए संदेश है जो देश की परंपराओं और आस्थाओं के खिलाफ खड़ी रही हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने इस जीत का श्रेय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, अमित शाह की रणनीति, भाजपा संगठन और योगी आदित्यनाथ के चुनावी नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।
इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए उत्साह के साथ जश्न मनाया।


















