यूपी पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या 44 हजार के पार, 9.75 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी: डॉ. राजेश्वर सिंह

सरोजनीनगर विधायक ने महिला सशक्तीकरण, पुलिस सुधार और रोजगार के मुद्दे पर योगी सरकार के कार्यकाल का ब्योरा रखते हुए कहा– प्रदेश में बदली व्यवस्था और भरोसे की पहचान
शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने महिला सशक्तीकरण, पुलिस सुधार और युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के कार्यकाल का ब्योरा साझा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते वर्षों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस में उनकी भागीदारी बढ़ी है। वहीं, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी नौकरियों के अवसर मिले हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जो बेटियां कभी थाने जाने से झिझकती थीं, आज वही वर्दी पहनकर प्रदेश की सुरक्षा संभाल रही हैं। जिन युवाओं को कभी लगता था कि सरकारी नौकरी सिफारिश से मिलती है, आज उनके घरों तक मेहनत के दम पर नियुक्ति पत्र पहुंच रहे हैं। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आया बदलाव केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि भरोसे का बदलाव है।
वर्दी में बेटियां: 10 हजार से बढ़कर 44 हजार हुई संख्या
डॉ. सिंह के अनुसार, वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में लगभग 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं, जबकि अब यह संख्या 44 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने इसे करीब चार गुना वृद्धि बताते हुए कहा कि भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण के साथ महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 50 हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
डॉ. सिंह ने कहा, “जब कोई पीड़ित महिला थाने पहुंचती है और सामने वर्दी में एक बेटी बैठी मिलती है, तो उसका आधा डर वहीं खत्म हो जाता है। हर वह मां जो अपनी बेटी को वर्दी में सलामी लेते देखती है, वह जानती है कि यह केवल नौकरी नहीं, सम्मान है।”
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण अब केवल महिलाओं को सुरक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियां स्वयं सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने और नेतृत्व करने की भूमिका में आगे बढ़ रही हैं।
वीरांगनाओं के नाम पर तीन नई महिला पीएसी बटालियन
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि तीन नई महिला पीएसी बटालियनों के नाम ऐतिहासिक वीरांगनाओं के नाम पर रखे गए हैं। उनके अनुसार, यह उन महिलाओं के योगदान को सम्मान देने का प्रयास है, जिन्हें इतिहास में लंबे समय तक उचित स्थान नहीं मिला।
- लखनऊ: वीरांगना ऊदा देवी पासी
- गोरखपुर: वीरांगना झलकारी बाई कोरी
- बदायूं: वीरांगना अवंतीबाई लोधी
डॉ. सिंह ने कहा कि लखनऊ की धरती पर वर्ष 1857 में अंग्रेजों से लोहा लेने वाली ऊदा देवी के नाम पर बटालियन होना हर लखनवी के लिए गर्व की बात है। यह समाज के हर वर्ग की नायिकाओं का सम्मान है। साथ ही आज की बेटियों को यह संदेश भी है कि साहस किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा विरासत है।
डेढ़ लाख खाली पदों से 2.30 लाख भर्तियों तक का दावा
डॉ. सिंह के मुताबिक, वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब डेढ़ लाख पद खाली थे। अब 2.30 लाख से अधिक पदों पर भर्ती पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि एक साथ पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता भी 6 हजार से बढ़ाकर 60 हजार कर दी गई है, जो पहले की तुलना में दस गुना है।
स्वयं पुलिस सेवा में रह चुके डॉ. सिंह ने कहा, “मैंने वह दौर देखा है जब एक सिपाही कई लोगों का बोझ उठाता था। हर नया प्रशिक्षित जवान किसी गली की रात को सुरक्षित बनाता है और किसी परिवार को चैन की नींद देता है।”
उन्होंने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था वह नींव है, जिस पर निवेश आता है और विकास टिकता है।
सिफारिश नहीं, प्रतिभा के आधार पर 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र मिले हैं। इसके अलावा निवेश के माध्यम से 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बने हैं।
उन्होंने कहा, “एक नियुक्ति पत्र कागज का टुकड़ा नहीं होता। वह किसी किसान पिता के बरसों के त्याग का फल है, किसी मां की आंखों के आंसू हैं और उस भरोसे की वापसी है कि मेहनत का फल मिलता है।”
डॉ. सिंह ने कहा कि अगला कदम युवाओं को भविष्य की नौकरियों से जोड़ना है। सरोजनीनगर में उत्तर प्रदेश की पहली एआई सिटी और राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) को निवेश केंद्र बनाने के प्रयास इसी दिशा में हैं, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसरों के लिए अपना घर न छोड़ना पड़े।
आंकड़ों से आगे भरोसे का उत्तर प्रदेश
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, “बेटियों को सम्मान और नेतृत्व, पुलिस को मजबूती और युवाओं को प्रतिभा के अनुरूप अवसर-यही वह सोच है जो किसी प्रदेश की दिशा और दशा बदलती है। आज उत्तर प्रदेश का युवा सिर उठाकर कह सकता है कि मैं यूपी से हूं।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दृढ़ नेतृत्व उत्तर प्रदेश को आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास की ओर ले जा रहा है तथा सरोजनीनगर इस यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
