पहाड़पुर में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए शिव शंकर सिंह, आचार्य पुण्डरीक जी महाराज के प्रवचनों से भक्तिमय हुआ माहौल

तपोभूमि गुरुकुल वैदिक संस्कृत महाविद्यालय एवं तपोभूमि गौशाला में आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम में संत-महात्माओं और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
शकील अहमद
बंथरा (लखनऊ)। बंथरा क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित तपोभूमि गुरुकुल वैदिक संस्कृत महाविद्यालय एवं तपोभूमि गौशाला में परम श्रद्धेय देव चैतन्य स्वामी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शिव शंकर सिंह शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने परम श्रद्धेय आचार्य पुण्डरीक जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कथा के दौरान आचार्य पुण्डरीक जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान, धर्म और मानव जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके संगीतमय प्रवचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
इस पावन अवसर पर आचार्य शंकर चैतन्य जी, आचार्य राहुल दीक्षित जी, आचार्य पुष्पेन्द्र त्रिपाठी जी, आचार्य शम्भुनाथ त्रिवेदी जी, श्री गोपाल दीक्षित जी एवं श्री आशू सिंह जी सहित अनेक संत-महात्माओं और गणमान्य लोगों से शिव शंकर सिंह की स्नेहिल भेंट हुई। सभी ने सत्संग एवं धार्मिक चर्चा के माध्यम से आध्यात्मिक विचारों का आदान-प्रदान किया।
इस अवसर पर शिव शंकर सिंह ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने, संस्कारों को मजबूत करने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का माध्यम है। ऐसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, वैदिक परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
