- साक्षरता निकेतन परिसर समेत जनपद के सभी कौशल प्रशिक्षण केंद्रों पर आयोजित हुए कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
शकील अहमद
लखनऊ। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित जन शिक्षण संस्थान (साक्षरता निकेतन), लखनऊ में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान परिसर सहित जनपद के सभी संचालित कौशल प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रशिक्षकों और प्रशिक्षणार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व संस्थान के निदेशक सौरभ कुमार खरे ने किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। पौधारोपण के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
साक्षरता निकेतन प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी तपन साहू, सहायक कार्यक्रम अधिकारी शुभम मिश्रा, अकाउंटेंट आदित्य मिश्रा, कंप्यूटर ऑपरेटर गौरी शंकर, फील्ड असिस्टेंट राघवेंद्र गुप्ता सहित प्रशिक्षक प्रियंका त्रिपाठी, अनीता आनंद और अंचला देवी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में लगभग 200 प्रशिक्षणार्थियों ने सहभागिता करते हुए हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया।
संस्थान की ओर से प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और वृक्षों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है, जिससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।













