- हजारों लोगों के थाने पहुंचने का दावा, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग
शकील अहमद
सरोजनीनगर। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के संबंध में एक मासिक पत्रिका में प्रकाशित कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर क्षेत्र के पासी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस टिप्पणी के विरोध में हजारों की संख्या में पासी समाज के लोग सरोजनीनगर थाने पहुंचे और दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पार्षद रामनरेश रावत और प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणा और विश्वास का प्रतीक हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और गरीबों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। यही कारण है कि सरोजनीनगर का पासी समाज उन्हें अत्यंत सम्मान और आदर की दृष्टि से देखता है।
पासी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी सम्मानित जनप्रतिनिधि के खिलाफ असभ्य और अमर्यादित भाषा का प्रयोग न केवल उनकी व्यक्तिगत गरिमा पर आघात है, बल्कि उन लाखों लोगों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाता है, जो उन्हें अपना मार्गदर्शक और हितैषी मानते हैं।
समाज के लोगों ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी व्यक्ति की मानहानि करना और समाज की भावनाओं को आहत करना उचित नहीं है।
पार्षद रामनरेश रावत के साथ थाने में एकत्रित लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग करने का साहस न कर सके।
प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. राजेश्वर सिंह के जनसेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र में सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, गरीबों की सहायता, महिलाओं के सम्मान और युवाओं के विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की हैं। उनके नेतृत्व में सरोजनीनगर विकास और जनकल्याण की नई पहचान बना है। यही कारण है कि क्षेत्र का हर वर्ग उनके प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करता है।
पासी समाज के लोगों ने भावनात्मक रूप से कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह उनके लिए अत्यंत सम्माननीय व्यक्तित्व हैं और उनके खिलाफ की गई किसी भी अमर्यादित टिप्पणी को समाज किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र न्याय की मांग करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
अंत में समाज के लोगों ने एक स्वर में कहा कि वे कानून और संविधान में पूर्ण विश्वास रखते हैं तथा न्याय की उम्मीद के साथ प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा करते हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरोजनीनगर में डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रति लोगों का गहरा सम्मान और विश्वास आज भी अटूट है।













