रायबरेली में पिंक रोजगार मेला: 116 अभ्यर्थी प्राथमिक रूप से चयनित, कई कंपनियों ने किया साक्षात्कार

रायबरेली। जिला सेवायोजन कार्यालय, रायबरेली के तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), घुरवारा, डलमऊ में आयोजित पिंक रोजगार मेले में 116 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों के लिए प्रतिभागियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।

रोजगार मेले में एसपीएनएन बिजनेस सर्विसेज प्रा.लि., उमोजा मार्केटप्लेस टेक्नोलॉजी प्रा.लि., महादेव हनुमन्त विजय प्लेसमेंट सर्विसेज, भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड, एसवाईआरएमए एसजीएस टेक्नोलॉजी लि., हैनन क्लाइमेट सिस्टम्स प्रा.लि., पेरेग्रीन गार्डिंग प्रा.लि., टाटा मोटर्स, हैवेल्स इंडिया लि., याज़ाकी इंडिया लि. और शिवशक्ति बायोटेक्नोलॉजी लि. जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दल बहादुर सिंह (प्रबंधक), शुभम शुक्ला (उप प्रबंधक), भीम सिंह (प्रधानाचार्य), विजय बहादुर सिंह सेंगर (जिला सेवायोजन अधिकारी) एवं मेला प्रभारी सहायक सेवायोजन अधिकारी सुश्री तनुजा यादव उपस्थित रहीं।

रोजगार मेले का शुभारंभ जिला सेवायोजन अधिकारी द्वारा किया गया, जिन्होंने अभ्यर्थियों को रोजगार मेले की उद्देश्यपूर्ण भूमिका और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सुश्री तनुजा यादव ने प्रतिभाग कर रही कंपनियों के उपलब्ध पदों, योग्यता और चयन प्रक्रिया के बारे में जानकारी साझा की।

मुख्य अतिथि दल बहादुर सिंह ने पिंक रोजगार मेले की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में अत्यंत उपयोगी साबित होंगे। राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य भीम सिंह ने जिला सेवायोजन कार्यालय और सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में राजकीय आईटीआई के अवनीश कुमार, अभिनव तिवारी, काजल सिंह, कंचन शर्मा तथा सेवायोजन कार्यालय के रामेंद्र कुमार पांडे, विजय कुमार और मोहम्मद ज़मीर का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *