सलमान खान
रामपुर। भारत की आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत रामपुर जनपद में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संत शिरोमणि रविदास सर्किट हाउस में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण में जिला रामपुर के मास्टर ट्रेनर सत्यप्रकाश और हिमांशु ने जनपद के 40 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्हें मकानों के सूचीकरण (एचएलओ) और मकानों की गणना की प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक स्वयं गणना (Self Enumeration) ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक लगभग 30 दिनों की अवधि में जनगणना का कार्य पूर्ण रूप से डिजिटल मोड में संपन्न कराया जाएगा।
मास्टर ट्रेनरों ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण प्राप्त फील्ड ट्रेनर आगे तहसील स्तर और नगर निकायों में जनगणना प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना का कार्य सुचारु, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार वर्मा ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना-2027 को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जनगणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की और कार्ययोजना को लेकर आवश्यक जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिला प्रभारी मो. इल्यास, जनगणना सेल से मो. यासिन सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।


















