बृजमनगंज में जाम से हाहाकार, अतिक्रमण हटाने की तैयारी तेज

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज कस्बे में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मुख्य बाजार, चौराहों और संकरी सड़कों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चे, मरीज और व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। कई स्थानों पर दुकानों का सामान सड़क तक फैला रहता है, जिससे वाहन चालकों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। इसके अलावा अव्यवस्थित पार्किंग और ई-रिक्शा का अनियंत्रित संचालन भी जाम की समस्या को और बढ़ा रहा है।

इस गंभीर समस्या को देखते हुए प्रशासन भी अब सक्रिय होता नजर आ रहा है। फरेंदा के एसडीएम शैलेन्द्र गौतम ने स्पष्ट कहा है कि कस्बे में जल्द ही अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एसडीएम ने यह भी बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर योजना बनाई जा रही है। प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिलेगी। लोगों का कहना है कि यदि नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, तो कस्बे की स्थिति में सुधार संभव है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts