लखनऊ के बदाली खेड़ा में गृहकर छूट शिविर, वार्डवासियों को मिला बकाया टैक्स जमा करने का मौका
- पार्षद रामनरेश रावत के प्रयासों से लगा विशेष शिविर, सुबह आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 139वां एपिसोड
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। लखनऊ के सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 के अंतर्गत बदाली खेड़ा स्थित मानव जागृति स्कूल के पोलिंग बूथ परिसर में महापौर सुषमा खर्कवाल और स्थानीय पार्षद रामनरेश रावत के विशेष प्रयासों से एक दिवसीय विशेष गृहकर छूट शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय नागरिकों को गृहकर में मिल रही विशेष छूट का लाभ उनके क्षेत्र में उपलब्ध कराना और टैक्स संबंधी समस्याओं से राहत दिलाना था।
शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी पहुंचे और अपने गृहकर का बकाया भुगतान किया। इस दौरान नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया गया। वार्ड के लोगों ने सरकार की ओर से दी जा रही गृहकर की विशेष छूट का लाभ उठाया।
पार्षद प्रतिनिधि एवं बूथ अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने कहा कि महापौर और पार्षद के मार्गदर्शन में जनता की सुविधा के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि क्षेत्र के नागरिकों को टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें अपने घर के पास ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
इससे पहले सुबह पार्षद रामनरेश रावत के आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड को सुना गया। इस अवसर पर पार्षद रामनरेश रावत के सानिध्य में पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार त्रिपाठी, भाजपा मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता एक साथ बैठे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और उनके द्वारा बताए गए समाज कल्याण तथा राष्ट्र निर्माण के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सेक्टर संयोजक आलोक श्रीवास्तव, बूथ अध्यक्ष रितेश दुबे, विनय वर्मा, श्याम मोहन शर्मा और अरविन्द सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, गृहकर छूट शिविर में नगर निगम की ओर से आशीष शुक्ला तथा वार्ड के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें अजय सिंह, नरेंद्र गुप्ता, फूलचंद गौतम, हिमांशु, प्रिंस और प्रदीप सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।
स्थानीय नागरिकों ने इस जनहित कार्य के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल और पार्षद रामनरेश रावत के प्रति आभार व्यक्त किया।