शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा और जनसंवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ अभियान के तहत 160वाँ जनसुनवाई शिविर अर्जुनगंज मंडल के ग्राम पंचायत परवर पूरब के मजरा बहादुर खेड़ा में आयोजित किया गया।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर ने जनसमस्याओं के समाधान, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को एक साथ जोड़ने का काम किया।
शिविर में स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। टीम राजेश्वर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
24 शिकायतें आईं, 14 का मौके पर समाधान
जनसुनवाई शिविर के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, आय प्रमाण पत्र, विधवा पेंशन, राशन कार्ड और लैपटॉप योजना से संबंधित कुल 24 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण प्रस्तुत किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा शिविर में 4 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड, 6 वृद्धा पेंशन, 2 विधवा पेंशन और 2 आभा कार्ड से संबंधित आवेदन पत्रों की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
स्वास्थ्य शिविर में 65 लोगों की आंखों की जांच
शिविर के दौरान टी.एस. मिश्रा हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण और नेत्र चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। इस दौरान 65 वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 30 लोगों को चश्मा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। साथ ही सभी मरीजों को आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतर अंक लाने वाले अनन्या यादव (65%), नैन्सी (64%), शनि यादव (56%) और अभिषेक कुमार यादव (55%) को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
युवाओं को खेल से जोड़ने की पहल
युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों और खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से शिविर में 110वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया तथा पहले से संचालित बॉयज यूथ क्लब को भी प्रोत्साहित किया गया। इन क्लबों को क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल और कैरम जैसे खेलों की किट प्रदान की गई, जिससे युवाओं में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक विकास को बढ़ावा मिल सके।
तारा शक्ति निःशुल्क रसोई के माध्यम से भोजन वितरण
कार्यक्रम के दौरान पूज्य माता तारा सिंह की प्रेरणा से संचालित ‘तारा शक्ति निःशुल्क रसोई’ के माध्यम से उपस्थित ग्रामीणों को ताजा और पौष्टिक भोजन वितरित किया गया। यह पहल सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल के रूप में सामने आई।
अतिथियों और चिकित्सकों का सम्मान
इस अवसर पर कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं टी.एस. मिश्रा हॉस्पिटल की चिकित्सक टीम को भी अंगवस्त्र और माँ पीतांबरा देवी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मोहित तिवारी, सेक्टर संयोजक दिलीप तिवारी, बूथ अध्यक्ष अजीत रावत, प्रधान रामफल पाल, संजय कुमार यादव, सुनील कुमार यादव, प्रदीप यादव, हरिकेश यादव, अरविंद यादव, अनिल यादव, प्रेमचंद मिश्रा, चंद्रभान सिंह, सुरेश राजपूत, अगनु दादा, बृजपाल यादव, हेमराज यादव, बेचालाल, नंदकिशोर, रेनू सिंह, रामकुमार, रामलखन, प्रमोद तिवारी, रामसेवक, गोकर्णनाथ, सोमनाथ, रामगोपाल रावत, प्रेम रावत, प्रदीप कुमार, बुद्धिलाल, सुहाना देवी, सुखदेवी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


















