ग्राम चौपाल पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने लगाया सूचना छिपाने का आरोप

  • डीएम से शिकायत कर जांच की मांग, एडीओ पंचायत ने आरोपों को बताया निराधार

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। विकास खंड बृजमनगंज की ग्राम पंचायत धरैची सेमरहनी में आयोजित ग्राम चौपाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्राम पंचायत निवासी विक्रम मद्धेशिया ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि ग्राम चौपाल की सूचना समय से ग्रामीणों को नहीं दी गई, जिससे अधिकांश लोग अपनी समस्याएं रखने से वंचित रह गए।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम चौपाल के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुने बिना ही कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करना है, लेकिन सूचना के अभाव में बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल ही नहीं हो सके। इससे गांव में नाराजगी का माहौल है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत गुलाब पाठक सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद थे। उनका कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारी ही व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं हैं तो अन्य कर्मचारियों की कार्यशैली का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ग्रामीण कथित तौर पर कार्यक्रम से संबंधित फोटो और वीडियो साझा कर प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सामग्री की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस संबंध में पूछे जाने पर एडीओ पंचायत गुलाब पाठक ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के लिए निर्धारित एजेंडा के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित किया गया था तथा नियमानुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया गया है।

अब मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंचने के बाद जांच और आगे की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजरें टिकी हुई हैं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts