- उमरा, कसेहटी, पूरे हीरा लाल का पुरवा सहित कई गांवों का किया दौरा, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र के उमरा, कसेहटी, पूरे हीरा लाल का पुरवा, सरैया, सिकंदरपुर एवं गौचरा गांवों का दौरा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली।

विधायक अदिति सिंह ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास एवं जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं और जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया और सड़क, बिजली, पेयजल तथा अन्य स्थानीय मुद्दों से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने जनता के स्नेह, विश्वास और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है।

उन्होंने कहा कि रायबरेली सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनविश्वास, जनसहयोग और विकास के संकल्प के साथ क्षेत्र की उन्नति के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने विधायक के जनसंपर्क अभियान की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा।













