रायबरेली मुठभेड़: 50 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, पुलिस पर की थी फायरिंग

रायबरेली (डलमऊ)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डलमऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस टीम शुक्रवार देर रात संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मकनपुर तिराहे के पास आईटीबीपी के सामने ग्राम भटनी हार के निकट एक संदिग्ध कंटेनर (UP21BN6720) आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सवार भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक आरोपी नजमुद्दीन (36 वर्ष) पुत्र मो. याकूब खां निवासी सूफी टोला थाना मीरगंज (बरेली) को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी डलमऊ भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वहीं उसका साथी मो. सुबीन पुत्र मो. छोटे निवासी सिरस खेड़ा थाना मुंढा पांडे (मुरादाबाद) अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश में जुटी हुई है।

गिरफ्तार अभियुक्त नजमुद्दीन थाना डलमऊ में दर्ज मुकदमा संख्या 26/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में वांछित था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।

बरामदगी में आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा (315 बोर), दो खोखा कारतूस (315 बोर) और कंटेनर (UP21BN6720) बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts