रायबरेली सरस मेला: अदिति सिंह ने महिला समूहों को दिया सम्मान, ₹5000 की धनराशि से किया पुरस्कृत

रायबरेली। जनपद रायबरेली में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले के द्वितीय दिवस पर सदर विधायक अदिति सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की।

विधायक अदिति सिंह ने महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी कर उन्हें प्रोत्साहित किया और कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उत्पादों की उच्च स्तर पर मार्केटिंग व्यवस्था सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया, ताकि समूहों की आय में वृद्धि हो सके।

मेले में जनपद के प्रेरणा कैंटीन एवं अन्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने व्यंजन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा विधायक द्वारा 5000 रुपये की धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।

मेले में मल्टीग्रेन आटा, आलू चिप्स, पापड़, पॉपकॉर्न, झाड़ू, टॉयलेट क्लीनर, फ्लोर क्लीनर, कम्पोस्ट खाद सहित विभिन्न घरेलू एवं कृषि उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। इसके अतिरिक्त वन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, आरसेटी, बाल विकास पुष्टाहार, महिला कल्याण विभाग और कृषि विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपने-अपने स्टॉल लगाए। उत्पादों की बिक्री को लेकर महिला समूहों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, उपायुक्त (स्वतः रोजगार) सविता सिंह, खंड विकास अधिकारी अमावां संदीप कुमार, खंड विकास अधिकारी महाराजगंज वर्षा सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य राघवेन्द्र प्रताप सिंह, रामश्री सहित जिला मिशन प्रबंधक, ब्लॉक मिशन प्रबंधक एवं 500 से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका संवर्धन और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts