रायबरेली: डीएम ने एम्स मुंशीगंज फ्लाईओवर निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

  • भूमि अधिग्रहण, अतिक्रमण हटाने और सर्विस लेन का कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बुधवार को एम्स, मुंशीगंज स्थित निर्माणाधीन ऊपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परियोजना के लिए अधिग्रहित की जाने वाली शेष भूमि का बैनामा शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जहां भी अवैध अतिक्रमण है, उसे तत्काल हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।

डीएम ने फ्लाईओवर के दोनों ओर बनाई जा रही सर्विस लेन का भी निरीक्षण किया। समीक्षा में पाया गया कि साइड सर्विस लेन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने शेष कार्य को भी जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे आमजन और राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, सेतु निगम के अवर अभियंता आशुतोष तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *