रायबरेली में सिटी पॉलीक्लिनिक का शुभारंभ, अब घर के पास मिलेंगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की निःशुल्क सेवाएं

  • किलाबाजार स्थित केंद्र पर शुरू हुई विशेषज्ञ ओपीडी, टेलीमेडिसिन, जांच और दवाओं की भी मिलेगी सुविधा

रायबरेली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आमजन को घर के निकट गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में सिटी पॉलीक्लिनिक का शुभारंभ किया गया। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किलाबाजार को उच्चीकृत कर सिटी पॉलीक्लिनिक के रूप में विकसित किया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ओपीडी सेवाएं प्रारंभ कर दी गई हैं।

चिकित्सक दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्र ने सिटी पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि एम्पैनल्ड विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। प्रतिदिन दो विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को सेवाएं देंगे। इनमें स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, अस्थि रोग, त्वचा रोग, सामान्य चिकित्सा तथा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं शामिल हैं।

शहरी स्वास्थ्य समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप शहरी गरीबों एवं अन्य नागरिकों को उनके घर के पास निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सिटी पॉलीक्लिनिक की स्थापना की गई है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निर्धारित रोस्टर के अनुसार उपलब्ध रहेंगी।

सोमवार को स्त्री रोग एवं बाल रोग, मंगलवार को जनरल फिजिशियन एवं अस्थि रोग, बुधवार को स्त्री रोग एवं चर्म रोग, बृहस्पतिवार को जनरल फिजिशियन एवं मनोचिकित्सक, शुक्रवार को स्त्री रोग एवं बाल रोग तथा शनिवार को जनरल फिजिशियन एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

शुभारंभ के अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. श्वेता वर्मा एवं डॉ. सुधीर सिंह ने मरीजों को ओपीडी सेवाएं प्रदान कीं।

पॉलीक्लिनिक में स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, अस्थि रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), त्वचा रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र रोग तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा टेलीमेडिसिन सुविधा, 63 प्रकार की डायग्नोस्टिक जांच और 195 प्रकार की आवश्यक औषधियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

मरीजों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पॉलीक्लिनिक में स्टाफ नर्स, ऑप्टोमेट्रिस्ट, फिजियोथैरेपिस्ट तथा इंटीग्रेटेड काउंसलर की सेवाएं भी रहेंगी। यहां कार्यरत ऑन-कॉल एवं नियमित विशेषज्ञ चिकित्सकों को कार्यदिवसों के अनुसार मानदेय प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार यादव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डी.एस. अस्थाना, स्थानीय सभासद हसीना बानो, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि सिंह, विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. गौरव, डॉ. शीतल, आकांक्षा, अतुल फार्मासिस्ट, रामबाबू, नितिन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts