रायबरेली: थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जन शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

  • भदोखर थाने में भूमि विवाद, राजस्व और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर डीएम-एसपी ने बनाई संयुक्त कार्रवाई की रणनीति

रायबरेली। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने थाना भदोखर पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, राजस्व संबंधी शिकायतों तथा सड़क एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रकरण प्राप्त हुए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच करें और निर्धारित समय सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *