रायबरेली: लहसुन निकालते समय किसान को सांप ने डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

[post-views]
  • खीरों थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव की घटना, सीएचसी में डॉक्टर ने किया मृत घोषित

रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के शिवपुर मजरे हरदी गांव में घर के कमरे के अंदर टोकरी से लहसुन निकाल रहे एक किसान को अचानक जहरीले सांप ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार सोमवार दोपहर ननकू (41 वर्ष) पुत्र रजेपाल अपने घर के कमरे में रखी टोकरी से लहसुन निकाल रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले सर्प ने डस लिया। शुरुआत में उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ देर बाद शरीर में जहर फैलने से वे बेहोश होकर गिर पड़े।

परिजनों ने कमरे में तलाश की तो वहां एक जहरीला सांप दिखाई दिया, जो बाद में फिर कमरे के अंदर ही चला गया। इसके बाद परिजन ननकू को आनन-फानन में इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे।

सीएचसी की इमरजेंसी में तैनात डॉ. मनोज मिश्रा ने जांच के बाद किसान को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी गंगाजली (38 वर्ष), पुत्र शुभम कुमार (20 वर्ष) तथा पुत्री कुमकुम (12 वर्ष) को छोड़ गए हैं।

हल्का लेखपाल ने बताया कि किसान की मौत की जानकारी प्राप्त हो गई है। परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts