रायबरेली के भीमनगर और लक्ष्मी नगर में सड़क-नाली निर्माण को 55.49 लाख रुपये मंजूर, सभासद पुष्पा यादव के प्रयासों को मिली सफलता

मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत शासन ने दी वित्तीय स्वीकृत
दोनों मोहल्लों में इंटरलॉकिंग सड़क और नाली का होगा निर्माण
रायबरेली। नगर पालिका परिषद रायबरेली क्षेत्र के मोहल्ला भीमनगर और लक्ष्मी नगर के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत शासन ने दोनों मोहल्लों में इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
शासन की ओर से 23 नवंबर 2026 को जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार, भीमनगर मुंशीगंज में राजकिशोर के मकान से दिलीप कुमार के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 40.340 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है। वहीं, लक्ष्मी नगर में कुबेर के मकान से राजकिशोर के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 15.150 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 55.490 लाख रुपये है।
इस विकास कार्य को लेकर सभासद पुष्पा यादव के प्रयासों को क्षेत्रवासी महत्वपूर्ण मान रहे हैं। सड़क और नाली निर्माण होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
सभासद पुष्पा यादव ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं संबंधित अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। आगे भी मोहल्ले की समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाकर विकास कार्यों को गति दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।
शासन से मिली वित्तीय स्वीकृति के बाद अब क्षेत्रवासियों को निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।
