रायबरेली: खीरों चौराहे पर दुकान में घुसी अनियंत्रित धान लदी डीसीएम, तीन बाइक क्षतिग्रस्त

जोरदार टक्कर से बिजली का खंभा टूटा, चौराहे पर मची अफरा-तफरी
खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के खीरों चौराहा स्थित सेमरी रोड पर बुधवार शाम एक अनियंत्रित डीसीएम सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसी। हादसे में हंटर, अपाचे और रॉयल एनफील्ड समेत कुल तीन बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा भी टूटकर गिर गया, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
जानकारी के अनुसार, धान से लदी डीसीएम सेमरी चौराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान खीरों के मुख्य चौराहे पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के पास खड़ी तीनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में बिजली का खंभा भी टूटकर गिर पड़ा।
भीड़भाड़ वाले चौराहे पर अचानक हुए हादसे से अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जबकि वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
इस संबंध में एसएचओ देवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने बताया कि बाधित विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
