रायबरेली में प्रभारी मंत्री राकेश सचान सख्त, विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की समीक्षा

रायबरेली। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा बैठक की।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान कोई भी पात्र लाभार्थी छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ सही व्यक्ति तक पहुँचना शासन की प्राथमिकता है।

निराश्रित गोवंश की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सड़कों पर अब भी गोवंश दिखना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत निराश्रित गोवंशों को आश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर नए गोवंश आश्रय स्थल बनाए जाएँ। गोवंश सहभागिता योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित कर गोवंश सुपुर्दगी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में मंत्री ने कहा कि शेष सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए जाएँ। किसानों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि नहरों में टेल तक पानी पहुँचे, विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित हो और धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच के बाद ही भुगतान किया जाए। घटिया कार्य पाए जाने पर कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दर्जी ट्रेड के 10 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित कर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, डीएफओ प्रखर मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 नवीन चन्द्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts