रामपुर मुठभेड़: पुलिस ने दो गौकशों को दबोचा, फायरिंग में दोनों घायल

रामपुर। गंज कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो कथित गौकशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, बाइक और गौकशी में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत 27 अप्रैल की रात गंज कोतवाली पुलिस स्वार चौराहे पर संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान स्वार की ओर से आ रही एक बाइक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बाइक सवार युवकों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जहां अजयपुर-केसरपुर मार्ग पर बाइक असंतुलित होकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद भी दोनों युवक पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे, जिसमें मुख्य आरक्षी विशाल घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपियों की पहचान लालू उर्फ मुकर्रम निवासी पीला तालाब और परवेज निवासी तीतर वाली पाखड़, थाना गंज, रामपुर के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने उनके पास से 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस, एक बाइक स्प्लेंडर तथा गौकशी में प्रयुक्त चाकू, गंडासा, रस्सी और अन्य सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 109 बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे निराश्रित गौवंशीय पशुओं को पकड़कर चोरी-छिपे गौकशी करते थे और पुलिस से बचने के लिए अवैध हथियार रखते थे।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और विभिन्न जनपदों में इनके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गौकशी, आर्म्स एक्ट और हत्या जैसे मामले शामिल हैं।

इस कार्रवाई में कोतवाल पवन कुमार शर्मा, एसआई मुकेश कुमार, एसआई राहुल कुमार गंगवार, एसआई राहुल सिंह, एसआई हिमांशु सिंघल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts